जंतर-मंतर पर रिजर्वेशन रिफॉर्म आंदोलन, करणी सेना ने उठाई आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग

नई दिल्ली/गाजियाबाद। आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर आयोजित रिजर्वेशन रिफॉर्म आंदोलन में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आंदोलन में करणी सेना के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। गाजियाबाद से भी करणी सेना की टीम ने आंदोलन में पहुंचकर सहभागिता की।
करणी सेना की प्रमुख मांग है कि आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के लोगों को भी आरक्षण का लाभ दिया जाए। संगठन का कहना है कि गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा निशुल्क की जानी चाहिए, ताकि आर्थिक स्थिति के कारण किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो।
आंदोलन के दौरान यूजीसी से संबंधित कथित काले कानून को वापस लेने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक आधार को महत्व देने और शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में गरीब वर्ग के हित में नीतियां बनाने की मांग की।
गाजियाबाद से करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विवेक तोमर, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप सिंघल, जिला अध्यक्ष गौरव शर्मा, जिला संगठन महामंत्री निशित रावल, प्रीतम सिंह तोमर, अनुज, पंकज और प्रिंस समेत सैकड़ों समर्थक आंदोलन में शामिल हुए।
करणी सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के हित में आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर आरक्षण और शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने की अपील की।



