सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने कार्यकर्ताओं का किया सम्मान, राम अवतार जिंदल बने पश्चिमी यूपी के संगठन प्रभारी

गाजियाबाद। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से हिन्दी भवन, लोहिया नगर में दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित ऐतिहासिक रैली को सफल बनाने वाले पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में मुरादाबाद, अमरोहा, बरेली, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, रामपुर, फिरोजाबाद, आगरा, मेरठ, शामली, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, बिजनौर, सहारनपुर, अलीगढ़, एटा, हाथरस, कासगंज, मैनपुरी और मथुरा सहित कई जिलों से पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के पूर्व राज्य मंत्री एवं राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि तालकटोरा स्टेडियम की रैली की सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूर्वांचल के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अपने सेवा कार्यों को गति देगी और महाराजा सुहेलदेव के आदर्शों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगी।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार को देखते हुए डॉ. अरविंद राजभर ने डॉ. राम अवतार जिंदल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का संगठन प्रभारी घोषित किया। उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने तथा उनके समाधान के लिए संगठन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने डॉ. राम अवतार जिंदल को बधाई दी।

पत्रकारों से बातचीत में डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि पार्टी पश्चिमांचल की 10 विधानसभा सीटों पर विशेष रूप से संगठन को मजबूत करने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 83 विधानसभा सीटों पर पार्टी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। साथ ही बुनकर समाज के उत्थान और वंचित वर्गों के अधिकारों एवं विकास के लिए भी पार्टी लगातार काम कर रही है।

नवनियुक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. राम अवतार जिंदल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें दी गई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्ता से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव शक्ति सिंह, राष्ट्रीय सचिव एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता दयाराम भार्गव, राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ सुमन पुनिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतीश अग्रवाल, राष्ट्रीय सचिव राजू पंडित, राष्ट्रीय सचिव वली चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ दीपक चौहान सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रितेश राम ने किया।

Related Articles

Back to top button