काजी साहब का उर्स मुबारक पूरी शानो-शौकत के साथ संपन्न, सैकड़ों जायरीनों ने की जियारत

रायबरेली। शहर के राणा नगर कानपुर रोड स्थित मकबरा की दरगाह काजी अब्दुल करीम रहमतुल्लाह अलैह के खानकाह पर दो अक्टूबर को उर्स मुबारक पूरी अकीदत, एहतराम और शानो-शौकत के साथ मनाया गया। इस मौके पर हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। उर्स में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे जायरीनों ने दरगाह पर हाजिरी लगाकर जियारत की और मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली एवं तरक्की की दुआएं मांगीं।
उर्स मुबारक के अवसर पर दरगाह पर नजरों-नियाज दिलाई गई तथा कुरानख्वानी का आयोजन हुआ। सज्जादानशीं हाशिम मियां ने सभी अरकान पूरे कराने के बाद असर की तकरीर का इंतजाम कराया। इसके उपरांत मिलाद शरीफ का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर लंगर की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी जायरीनों को प्रेमपूर्वक भोजन कराया गया। दूर-दराज से आए जायरीनों ने लंगर में शिरकत की। पूरे आयोजन के दौरान अकीदतमंदों में खासा उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।
इस मौके पर इंतजामिया कमेटी के डॉक्टर राममिलन, कलाम हाफिजी, शकीर हाफिजी, रामचरण शर्मा, अल्लाह राही वारसी, डॉक्टर कल्लू साहब, राजू भाई नूर आलम अली अहमद अंसारी मुन्ना अंसारी जीशान अंसारी मोहम्मद मोहसिन सहित तमाम लोगों का विशेष योगदान रहा। उर्स का आयोजन आपसी सौहार्द, धार्मिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।



