राह चलते तमंचा लगाकर पीटा: 6 पर आरोप

युवक ने एसएसपी को सौंपे शिकायत में छह नामजद अज्ञात पर लगाया जातिसूचक गाली गलौज करने जान से मारने की धमकी देने का लगा आरोप

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जगसौरा निवासी वीरेंद्र सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कुछ लोगों पर रास्ते में रोककर मारपीट करने, जातिसूचक गाली देने, गला दबाकर जान से मारने का प्रयास करने और तमंचा लगाकर धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार,22 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे वीरेंद्र सिंह मेला देखकर गाड़ी से घर लौट रहा था। आरोप है कि गांव के पास चार जगसोरा निवासी नामज़द और दो दसहरी निवासी नामज़द के साथ पांच-छह अज्ञात लोगों ने उसकी गाड़ी रोक ली।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने जातिसूचक गालियां देते हुए लाठी-डंडे,बेल्ट और लात-घूंसों से मारपीट की। लकी,गोलू और रोहित पर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास करने तथा सीने पर तमंचा लगाकर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मारपीट में घायल होकर उसके बेहोश होकर जमीन पर गिरने की बात कही गई है।

वीरेंद्र के मुताबिक, ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई करने के बजाय उसे जेल भेजने और गाड़ी सीज करने की धमकी दी। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया, जहां कुछ पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज करने, सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने और रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button