रेलवे ट्रैक पर मिला नवजात का शव: मचा हड़कंप
बलरई स्टेशन के डाउन प्लेटफार्म के पश्चिमी छोर रेलवे ट्रैक की गिट्टियों पर मिला शिशु

जसवंतनगर,इटावा। सोमवार सुबह बलरई रेलवे स्टेशन के डाउन प्लेटफार्म के पश्चिमी छोर पर रेलवे लाइन किनारे नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप मच गया। जीआरपी आगरा कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर इटावा जीआरपी और आरपीएफ शिकोहाबाद की टीम मौके पर पहुंची। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।
जीआरपी निरीक्षक यदुवीर सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8:25 बजे कंट्रोल रूम आगरा से सूचना मिली थी कि दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर किमी संख्या 1181/14-17 के मध्य बलरई रेलवे यार्ड में डाउन लाइन किनारे गिट्टियों पर नवजात पड़ा है। सूचना पर उपनिरीक्षक वसीम अहमद कांस्टेबल रामअवतार के साथ मौके पर पहुंचे। वहां गुलाबी रंग की चादर से ढका नवजात पड़ा मिला। जांच करने पर वह मृत पाया गया।
निरीक्षक के अनुसार, प्रथमदृष्टया नवजात की गर्भनाल भी नहीं कटी हुई थी। आशंका है कि जन्म के तुरंत बाद किसी ने उसे रेलवे लाइन किनारे छोड़ दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जीआरपी पुलिस आसपास के गांवों में सूचना देकर नवजात की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। मामले की जांच जीआरपी पुलिस कर रही है।



