सीनियर की पिटाई से भयभीत जूनियर छात्र लापता
जवाहर नवोदय विद्यालय साम्हों में सीनियर का जूनियर छात्रों का आतंक, मारपीट छात्र भयभीत

भरथना,इटावा। भरथना तहसील क्षेत्र के ग्राम साम्हो में संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय में संस्था प्रबंधन समिति का अनुशासन तार तार होता दिखाई दे रहा है,बल्कि उक्त संस्था में अपने बच्चों का जीवन असुरक्षित नजर आने लगा है। बीते दिन सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। कक्षा 11 के तीन छात्रों पर कक्षा 8 के कई छात्रों के साथ मारपीट करने का आरोप है। घटना के बाद कक्षा 8 का एक 14 वर्षीय छात्र आर्यन राठौर पुत्र सुनील कुमार निवासी नगला ताल,समथर ताखा के रात में छात्रावास से लापता होने की सूचना से विद्यालय प्रशासन और पुलिस में खलबली मच गई। छात्र के पिता ने बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताई है।
बुधवार को घटना की जानकारी मिलते ही लापता छात्र के परिजन और अन्य छात्रों के माता पिता व अभिभावक विद्यालय पहुंचे। लापता छात्र के पिता सुनील कुमार ने बताया कि उनके बेटे के साथ उसके ही कुछ साथियों ने मारपीट की थी। इसके बाद से वह गायब है। उन्होंने बेटे की सकुशल बरामदगी के साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।
अभिभावकों ने लगाए रैगिंग के आरोप
विद्यालय पहुंचे अभिभावक सोनू गौतम, अजय कुमार,धर्मेन्द्र सिंह, संध्या समेत अन्य ने सामूहिक रूप से आरोप लगाया कि विद्यालय में पढ़ने वाले उनके बच्चों को आए दिन सीनियर छात्र परेशान करते हैं। उनके साथ मारपीट भी की जाती है। अभिभावकों का कहना है कि मारपीट की घटनाओं में कई बच्चों को चोटें आई हैं,लेकिन विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रभावी रोकथाम नहीं की गई।
परिजनों ने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि विद्यालय में छात्रों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो छात्र के लापता होने जैसी घटना सामने नहीं आती। आक्रोशित अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन समिति से जवाबदेही तय करने और दोषी छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
एसडीएम-पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की सूचना मिलते ही भरथना उपजिलाधिकारी काव्या सी.,प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह समेत संबंधित अधिकारी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन,शिक्षकों और छात्रों से घटना की जानकारी लेते हुए जांच शुरू करदी। पुलिस और विद्यालय स्टाफ लापता छात्र आर्यन राठौर की तलाश में जुटा हुआ है।
दो आरोपी छात्र निष्कासित: जांच कमेटी गठित
विद्यालय प्रबंधक डॉ. सुमन तोमर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल संज्ञान लिया गया। छात्रों से मारपीट करने वाले दो छात्रों को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। लापता छात्र की तलाश में पुलिस और विद्यालय स्टाफ जुटा हुआ है। जांचोपरांत नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है। छात्र के लापता होने और मारपीट की घटना को लेकर अभिभावकों में आक्रोश है। पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



