“नगर पालिका प्रशासन होश में आओ” के नारों से गूंजा मऊ कलेक्ट्रेट परिसर

मऊ। नगर पालिका परिषद मऊ में व्याप्त भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ हिंदू जागरण समिति ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपते हुए नगर पालिका में चल रही लूट की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि मऊ की नगर पालिका परिषद लूट, भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का अड्डा बन चुकी है। विकास कार्यों के नाम पर धन का मनमाना बंदरबांट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बेहद घटिया है और ठेकेदारों की मिलीभगत से जनता के पैसों की खुली लूट मची है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने गंभीरता से जांच नहीं कराई तो हिंदू जागरण समिति सड़कों पर उतरकर “ईंट से ईंट बजाने” का काम करेगी।

संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामकृष्ण भारद्वाज ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन की मनमानी अब और नहीं चलने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ समिति आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। वहीं प्रवक्ता नरेंद्र सिंह ने बताया कि अधिकांश विकास कार्यों में निम्न स्तरीय सामग्री का उपयोग हुआ है। नगर पालिका द्वारा खरीदी गई सामग्रियों में भारी घोटाला और कमीशनखोरी की गई है।

प्रांतीय प्रवक्ता वीरेंद्र पासवान और प्रांतीय मंत्री अमित वर्मा ने कहा कि नगर पालिका की खुली लूट से जनता आक्रोशित है। भ्रष्टाचार चरम पर है, लेकिन हिंदू जागरण समिति जनता के हित में संघर्ष जारी रखेगी। प्रांतीय मंत्री रवि गुप्ता और यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष आर्यन सिंह ने कहा कि चुना, ब्लीचिंग पाउडर, मलेरिया रोधी सामग्री और लाइटों की खरीद में करोड़ों रुपए का घपला हुआ है।

जिला अध्यक्ष मनीष सिंह ने कहा कि निर्माण कार्यों की स्थिति बेहद बदहाल है। इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, जबकि लाइट की खरीद में भी भारी धांधली हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो हिंदू जागरण समिति व्यापक आंदोलन करेगी।

इस मौके पर आदित्य रंजन सिंह, गुड्डू सोनकर, ओम सिंह, प्रताप यादव, रीता सिंह, प्रतिभा सिंह, सरिता गुप्ता, विजय रंजन सिंह, योगेंद्र प्रजापति सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कलेक्ट्रेट परिसर “भ्रष्टाचार मुर्दाबाद” और “पालिका प्रशासन होश में आओ” के नारों से गूंज उठा।

Related Articles

Back to top button