बुमराह के बाद अब ये घातक गेंदबाज भी बाहर, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले मचा हड़कंप

India vs NZ ODI Series 2026: भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले एक बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा हैमस्ट्रिंग की चोट से समय पर पूरी तरह नहीं उबर पाने के कारण पांच मैचों की इस एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर हो गए हैं।
बीसीसीआई के आधिकारिक बयान के मुताबिक, कृष्णा को मैच खेलने के लिए जरूरी गेंदबाजी का वर्कलोड हासिल करने में अभी कुछ और वक्त लगेगा। हालांकि, वह फिटनेस और मैच में वापसी से जुड़ा आकलन पास करने के बाद न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के लिए इंडिया ए टीम से जुड़ेंगे। इस बीच, चयनकर्ताओं ने वनडे सीरीज के शुरुआती मैचों के लिए ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी के खेलने के प्लान में भी बदलाव किया है और उन्हें केवल पहले वनडे के बाद रेड-बॉल प्रैक्टिस के लिए भारत ए में भेजने का फैसला किया है।
1 साल में सबसे ज्यादा छक्के: रोहित-अभिषेक का जलवा, लेकिन नंबर 1 पर है ये अनजान बल्लेबाज
सिराज भी हुए टीम में शामिल
दूसरी ओर, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को क्राइस्टचर्च में होने वाले दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के लिए भारत ए स्क्वाड में शामिल किया गया है, जबकि सीनियर बल्लेबाज केएल राहुल अब न्यूजीलैंड ए के खिलाफ मैच की बजाय सीधे वनडे सीरीज की तैयारियों पर ध्यान देंगे। बीसीसीआई ने प्रसिद्ध कृष्णा के विकल्प के तौर पर फिलहाल किसी नए खिलाड़ी का ऐलान नहीं किया है, जबकि जसप्रीत बुमराह को इस दौरे पर पहले ही आराम दिया जा चुका है।
पहले तीन वनडे के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और नीतीश कुमार रेड्डी।
चौथे और पांचवें वनडे के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (उपकप्तान), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव।



