सैफई में‘पीडियाट्रिक ट्रामा इमरजेंसी यूनिट’का शुभारंभ

यूपीयूएमएस सैफई में अब बच्चों को मिलेगी समर्पित एवं त्वरित आपातकालीन चिकित्सा सुविधा

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में बाल दिवस के अवसर पर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शनिवार,14 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे ट्रामा सेंटर के भूतल स्थित कक्ष संख्या 14 में नवनिर्मित ‘पीडियाट्रिक ट्रामा इमरजेंसी यूनिट’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अत्याधुनिक एवं समर्पित इकाई का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह द्वारा किया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने कहा कि,बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं और आपातकालीन परिस्थितियों में उन्हें त्वरित,विशेषज्ञ एवं संवेदनशील चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बाल दिवस के शुभ अवसर पर प्रारंभ की गई यह समर्पित पीडियाट्रिक ट्रामा यूनिट गंभीर रूप से घायल बच्चों को गोल्डन ऑवर के दौरान समय पर जीवन रक्षक उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विश्वविद्यालय मरीज हित को सर्वोपरि रखते हुए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के निरंतर विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

बाल दिवस के अवसर पर प्रारंभ की गई यह विशेष इकाई क्षेत्र में बाल चिकित्सा आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस यूनिट के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं, ऊंचाई से गिरने,जलने तथा अन्य गंभीर चोटों से प्रभावित बच्चों को सामान्य वयस्क ट्रामा वार्ड से अलग,उनकी आयु एवं चिकित्सकीय आवश्यकताओं के अनुरूप त्वरित और विशेषज्ञ चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे गंभीर रूप से घायल बच्चों के उपचार में समय की बचत के साथ-साथ बेहतर एवं समन्वित चिकित्सा प्रबंधन सुनिश्चित करने में भी सहायता मिलेगी।

इस गरिमामय अवसर पर कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के साथ प्रति-कुलपति डॉ.आदेश कुमार,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एस.पी. सिंह,चिकित्सा अधीक्षक प्रो.डॉ.अमित सिंह तथा कुलसचिव श्री दीपक वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में इमरजेंसी एवं ट्रामा विभाग के संकाय सदस्यों, विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों, रेजिडेंट चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उपस्थित सभी सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों को बेहतर, सुलभ एवं समयबद्ध आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।

Related Articles

Back to top button