जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत
पत्नी पर उत्पीड़न का आरोप,घरेलू कलह के चलते आत्महत्या की आशंका

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम केवाला निवासी 28 वर्षीय युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान ग्राम केवाला निवासी अनुज कुमार पुत्र अशोक कुमार के रूप में हुई है। पिता अशोक कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि उनके पुत्र ने किन्हीं अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, युवक की मौत के बाद परिजनों ने उसकी पत्नी पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए घरेलू कलह को लेकर सवाल उठाए हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यदि तहरीर मिलती है तो मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



