धान मिल में 20 फीट ऊँची मचान से गिरा मजदूर: मौत
एक दिन पहले ही काम पर आया था मजदूर

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 100 मीटर दूर ग्राम केस्त स्थित संतोष एग्रो धान मिल में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। उबले हुए धान को सुखाने वाली मशीन की निगरानी कर रहा 30 वर्षीय मजदूर करीब 20 फुट ऊंचे मचान से पैर फिसलने के कारण नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी मजदूर उसे एंबुलेंस से सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम महासुख निवासी योगेंद्र पुत्र कमलेश कुमार संतोष एग्रो धान मिल में काम कर रहा था। वह उबले हुए धान को सुखाने वाली मशीन की निगरानी के लिए करीब 20 फुट ऊंचे मचान पर खड़ा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मिल में काम कर रहे अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
राइस मिल मालिक अतुल गुप्ता ने बताया कि योगेंद्र एक दिन पहले ही मिल में काम करने आया था। घटना शुक्रवार शाम करीब पांच बजे की बताई गई है।
सूचना पर थाना प्रभारी कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



