ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार घायल
चालक फरार: सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

जसवंतनगर,इटावा। कचौरा बाईपास पर सोमवार को अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर थाना प्रभारी कमल भाटी और उपनिरीक्षक शुभम वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
घायल की पहचान 28वर्षीय निखिल पुत्र राजबहादुर निवासी लोकपुरा, थाना जसवंतनगर के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निखिल बाइक से कचौरा बाईपास की ओर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजन घायल को ई-रिक्शा से सीएचसी लेकर पहुंचे थे। बाद में चिकित्सकों की सलाह पर उसे सैफई ले जाया गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हादसे के बाद घायल के परिजनों में चिंता का माहौल है।



