बाजरा के खेत में मिला शव: हत्या की आशंका

विगत 26 सितंबर को घर से लापता था मृतक संजीव

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नागरी पंचायत के नगला धोबी के पास सोमवार शाम करीब तीन बजे बाजरे के खेत में लगभग 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान मीठेपुर निवासी संजीव उर्फ छोटे पुत्र शिव कुमार के रूप में उसके भाई राजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर की। संजीव 26 सितंबर से घर से लापता था। वह कभी होटल पर,कभी ट्रक पर मजदूरी कर अपना पालन-पोषण करता था और उसकी शादी नहीं हुई थी।

नगला धोबी निवासी उर्मिला देवी पत्नी स्वर्गीय कुंवर सेन सोमवार शाम अपने बाजरे के खेत में घास लेने गई थीं। खेत में पहुंचने पर उन्हें बाजरे की फसल कई जगह टूटी और अस्त-व्यस्त दिखाई दी। कुछ आगे जाने पर खेत के बीच में एक युवक का शव पड़ा मिला। युवक सफेद बनियान और बैंगनी रंग की चड्डी पहने था। शव देखकर घबराई उर्मिला देवी गांव पहुंचीं और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी, जौनई चौकी प्रभारी कोमल चौधरी पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। इसी दौरान मृतक का भाई राजीव कुमार मौके पर पहुंचा। उसने शव को देखते ही अपने भाई संजीव के रूप में पहचान कर ली और फूट-फूटकर रोने लगा।

खेत में कई स्थानों पर बाजरे की फसल टूटी और अस्त-व्यस्त मिलने से ग्रामीणों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और मौत के कारणों को लेकर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button