खंदी फटी: 100 बीघा से अधिक फसल जलमग्न

खारजा झाल का पानी खेतों में घुसा, बाजरा-तिली की फसलें बर्वाद

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के गांव नगला तौर मोजा में ब्राह्मणी देवी मंदिर रोड स्थित सिद्ध बाबा आश्रम के समीप भोगनीपुर गंग नहर से निकली शाखा खारजा झाल में पानी के दबाव के कारण सप्तधारा कुंड के पास खंदी फट गई। इससे नहर का पानी तेजी से किसानों के खेतों में घुस गया और करीब 100 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में खड़ी बाजरा व तिली की फसल जलमग्न हो गई।

खंदी फटने के बाद से खारजा झाल का पानी लगातार खेतों की ओर बढ़ रहा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रभावित किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही खंदी को बंद नहीं कराया गया तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।

किसानों राजनारायण, श्रीनारायण,नीरेश,योगेश समेत करीब आठ सहखातेदारों की फसल पानी में डूब गई है। किसानों का आरोप है कि सूचना के बावजूद नहर विभाग की ओर से अभी तक खंदी को बंद कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लगातार पानी खेतों में फैलने से नुकसान का दायरा बढ़ता जा रहा है।

मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर खंदी बंद कराई जाएगी। साथ ही क्षेत्रीय लेखपाल को भेजकर किसानों की फसलों को हुए नुकसान का आंकलन कराया जाएगा।
किसानों का दर्द
राजनारायण ने कहा: खंदी फटने से देखते ही देखते खेतों में पानी भर गया। बाजरा और तिली की फसल डूब चुकी है। समय रहते पानी नहीं रोका गया तो पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी।
श्रीनारायण बोले: कई किसानों की करीब 100 बीघा से अधिक फसल प्रभावित हुई है। नहर विभाग को तत्काल खंदी बंद कराकर खेतों में पानी बढ़ने से रोकना चाहिए।
नीरेश ने कहा: लगातार पानी खेतों की ओर बढ़ रहा है और फसलें डूबती जा रही हैं। प्रशासन को नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button