सामूहिक विवाह में 62 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विकास खंड मुरादनगर परिसर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के कुल 62 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। नवविवाहित जोड़ों को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में अनुसूचित जाति के 21, अन्य पिछड़ा वर्ग के 16, सामान्य वर्ग के सात और अल्पसंख्यक वर्ग के 18 जोड़े शामिल हुए। इनमें 14 हिंदू जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार फेरे और जयमाला के साथ कराया गया, जबकि अल्पसंख्यक वर्ग के 18 जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक विवाहित जोड़े को 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है। इसमें वर-वधू के कपड़े, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट और दीवार घड़ी आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कन्या के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि दिए जाने का प्रावधान है।

कार्यक्रम में मोदीनगर विधायक मंजू शिवाच, क्षेत्र पंचायत भोजपुर की प्रमुख सुचेता सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी मौजूद रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग और विकास खंड कार्यालय मुरादनगर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button