बारात जा रहे जीजा की दुर्घटना में मौत: मित्र गम्भीर

वाहन की टक्कर से बाइक सवार जीजा की गई जान

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोकावली निवासी 25 वर्षीय युवक की शनिवार शाम फिरोजाबाद जिले में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई,जबकि बाइक पर सवार उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ। घायल को पहले सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर परिजन उसे आगरा के निजी अस्पताल ले गए,जहां उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कोकावली निवासी 25 वर्षीय अतुल कुमार पुत्र दिनेश शनिवार शाम अपने साले की बारात में शामिल होने के लिए सिरसागंज क्षेत्र के चंद्रपुर जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ गांव के ही 24 वर्षीय मित्र शैलेंद्र कुमार पुत्र रामप्रकाश भी सवार थे। दोनों नगला महासुख गाँव के पास पहुंचे ही थे कि तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अतुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शैलेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अतुल अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी नीलम, तीन वर्षीय बेटा और एक वर्षीय बेटी हैं। पति की असमय मौत से पत्नी और मासूम बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं मां का भी रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

Related Articles

Back to top button