भाजपा जिला महामंत्री को दबंगों ने पीटा, शहर कोतवाली में दी तहरीर

रायबरेली। जिले में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के सम्राट नगर में मामूली विवाद के चलते दबंगों द्वारा भाजपा के जिला महामंत्री अमरेश सिंह मौर्य के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद ने अचानक तूल पकड़ लिया, जिसके बाद आरोपियों ने अमरेश सिंह मौर्य के साथ हाथापाई कर दी। घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद अमरेश मौर्य ने शहर कोतवाली पहुंचकर आरोपिइसके बाद उन्होंने शहर कोतवाली पहुंचकर आरोपी भूपेंद्र बहादुर सिंह, शंकर सिंह व उत्तम सिंह के खिलाफ नामजद तहरीर दी और न्याय की मांग की। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा संगठन के अन्य पदाधिकारी भी सक्रिय हो गए। पार्टी के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कठोर व सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के उपरांत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।



