शालीमार गार्डन के जय माँ काली मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण (लड्डू गोपाल) की अष्टधातु की मूर्ति चोरी, क्षेत्र में भारी आक्रोश

गाज़ियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र स्थित ए-ब्लॉक जय माँ काली मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण (लड्डू गोपाल) जी की लगभग एक फुट ऊँची अष्टधातु की मूर्ति, मंदिर की आरती की जोत एवं अन्य धार्मिक सामान चोरी होने की घटना सामने आई है। इस घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

मंदिर के पुजारी अजय जी एवं मंदिर से जुड़ी माताजी ने बताया कि मंदिर में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। उनके अनुसार, रिज़वान नामक व्यक्ति प्लम्बर का कार्य कर रहा था और उन्हें आशंका है कि उसी ने भगवान श्रीकृष्ण जी की मूर्ति एवं अन्य सामान चोरी किया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पार्षद रवि भाटी तुरंत मंदिर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने शालीमार गार्डन पुलिस से मांग की कि मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए तथा भगवान श्रीकृष्ण (लड्डू गोपाल) जी की अष्टधातु की मूर्ति बरामद कर उसे पुनः पूरे विधि-विधान के साथ मंदिर में स्थापित कराया जाए।

पार्षद रवि भाटी ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर इस प्रकार की चोरी की घटनाएँ अत्यंत गंभीर हैं और ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।

Related Articles

Back to top button