नर्सिंग ऑफिसर मो. उमर को मातृ संबंधित दो डिज़ाइन पेटेंट प्राप्त

कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में नवाचार, अनुसंधान एवं बौद्धिक संपदा संरक्षण को मिला प्रोत्साहन

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के बर्न वार्ड में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर मोहम्मद उमर को मातृ देखभाल से संबंधित दो अभिनव उत्पादों के लिए भारत सरकार द्वारा डिज़ाइन पेटेंट प्रदान किए गए हैं। यह उपलब्धि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, व्यावहारिक और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।मोहम्मद उमर को पहला डिज़ाइन पेटेंट ‘मैटरनल केयर वर्कस्टेशन’ के लिए तथा दूसरा ‘मैटरनल केयर बैंड’ के लिए प्रदान किया गया है। इन उत्पादों की परिकल्पना माताओं की देखभाल से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने तथा स्वास्थ्यकर्मियों को दैनिक देखभाल संबंधी कार्यों में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।

यह उपलब्धि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में उपयोगी नवाचारों की महत्ता को रेखांकित करती है। स्वास्थ्य सेवाओं में आवश्यकता-आधारित उत्पादों का विकास न केवल देखभाल की गुणवत्ता,सुरक्षा और सुविधा को बेहतर बनाने में सहायक हो सकता है, बल्कि स्वास्थ्यकर्मियों के कार्यों को भी अधिक प्रभावी बना सकता है।

कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में यूपीयूएमएस,सैफई में अनुसंधान,नवाचार और बौद्धिक संपदा अधिकारों के संरक्षण को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी सकारात्मक वातावरण में श्री मोहम्मद उमर द्वारा विकसित इन डिज़ाइनों को औपचारिक मान्यता प्राप्त होना विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।

यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के चिकित्सकीय एवं नर्सिंग कर्मियों के बीच रचनात्मक सोच, अनुसंधान की प्रवृत्ति और स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगी। साथ ही,यह इस बात को भी दर्शाती है कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों के व्यावहारिक अनुभव और नए विचार जनहित में उपयोगी नवाचारों का आधार बन सकते हैं।

यूपीयूएमएस,सैफई परिवार मोहम्मद उमर को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देता है तथा आशा करता है कि उनके प्रयास भविष्य में भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए नवाचारों को प्रोत्साहित करेंगे।

Related Articles

Back to top button