मऊ में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 302 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ, मंत्री ए.के. शर्मा ने दिया आशीर्वाद
कोपागंज के बापू इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित हुआ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम, चार मुस्लिम जोड़ों का भी निकाह संपन्न

सुजीत कुमार। मऊ। कोपागंज स्थित बापू इंटर कॉलेज के मैदान में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिले के नौ ब्लॉकों से कुल 346 जोड़ों का विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन कार्यक्रम में 302 जोड़े ही शामिल हो सके। इनमें चार मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे। हिंदू जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह मुस्लिम रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया और सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीबों, जरूरतमंदों और समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से गरीब परिवार अपनी बेटियों का विवाह सम्मान और गरिमा के साथ कर पा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनके जीवन में खुशहाली लाना है।उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम में चार मुस्लिम जोड़ों का शामिल होना आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का उदाहरण है। सरकार सभी वर्गों के लोगों के कल्याण के लिए बिना किसी भेदभाव के काम कर रही है। बेटियों का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े के लिए कुल एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये की धनराशि वधू के खाते में दी जाती है, 20 हजार रुपये का सामान उपलब्ध कराया जाता है, जबकि 16 हजार रुपये विवाह की व्यवस्था पर खर्च किए जाते हैं।कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन प्रेम, विश्वास, सम्मान और आपसी सहयोग से आगे बढ़ता है। उन्होंने सभी जोड़ों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



