आग में झुलसी दूसरी महिला की भी हुई मौत
श्राद्ध का भोजन बनाते समय रसोई में गैस सिलेंडर लीकेज होने से हुए अग्निकांड में झुलस कर दो महिलाएं घायल हुईं थी,जिसमें एक की दूसरे दिन और दूसरी महिला की तीसरे दिन इलाज के दौरान मौत हो गई

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला शुक्लागंज में बीते दिनों श्राद्ध का खाना बनाते समय हुए सिलेण्डर लीकेज अग्निकाण्ड में गम्भीर रूप से झुलसी दूसरी महिला ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि इससे पूर्व उसी दिन एक महिला की दर्दनाक मौत हो चुकी है। घर की जिठानी-देवरानी दोनों की अग्निकांड से मौत के क्रम ने कोहराम मचा कर रख दिया है,वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
बताते चलें कि बीते शनिवार को कस्बा के मुहल्ला शुक्लागंज स्थित स्व.जगतानन्द उर्फ बंगाली बाबू गुप्ता के घर में परिजनों द्वारा श्राद्ध का खाना बनाते समय सिलेण्डर रेग्युलेटर लीकेज होने के कारण भीषण आग लग गयी थी। उक्त अग्निकाण्ड में घर की दो बहुयें रश्मि (32 वर्ष) पत्नी दीपू व सीमा उर्फ रानी (40 वर्ष) पत्नी प्रेमकिशोर उर्फ लिटिल व प्रेमकिशोर उर्फ लिटिल गम्भीर रूप से झुलस गये थे। साथ ही घर-गृहस्थी का सारा कीमती सामान आग की भेंट चढ गया था। गम्भीर घायलों को आनन-फानन में सैंफई चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। जहाँ शनिवार की शाम को ही रश्मि की मौत हो गयी थी। जबकि मंगलवार को सीमा ने अन्तिम सांस ली। परिवार में आकस्मिक दो बहुओं की मौत से पूरे परिवार में चीख पुकार के बीच कोहराम मच गया।



