जर्जर मार्ग से स्कूल पहुंचने को मजबूर विद्यार्थी, जिम्मेदारों से सड़क निर्माण की मांग

सुल्तानपुर। कुड़वार क्षेत्र के नरही ग्राम सभा में सड़क की बदहाल स्थिति से श्री कृष्णा बाल विद्या मंदिर एवं जूनियर हाई स्कूल, कृष्णानगर नरही, कुड़वार, सुल्तानपुर में पढ़ने वाले बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार विद्यालय के पास से गुजरने वाला यह मार्ग सेक्टर रोड नरही, ब्लॉक कुड़वार से ग्राम सभा कमोलिया खौपुर, ब्लॉक दूबेपुर को जोड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से आज तक इस मार्ग पर सड़क निर्माण के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगाई गई है।

सड़क की खराब स्थिति के कारण विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में मार्ग की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे बच्चों के कपड़े खराब होने, फिसलने तथा विद्यालय पहुंचने में परेशानी की स्थिति बनी रहती है।
ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि विद्यालय के बच्चों की परेशानी को देखते हुए इस मार्ग का शीघ्र निरीक्षण कराकर सड़क निर्माण की कार्रवाई की जाए।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का जल्द समाधान किया जाना आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button