हाईस्कूल की छात्रा फांसी पर झूलती मिली: मौत

मौत की खबर से परिजनों में मचा कोहराम

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के गांव भारद्वाजपुर में बीते दिन शनिवार को 15 वर्षीय हाईस्कूल की छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान भावना पुत्री यदुनाथ सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार की सुबह भावना ने घर के अन्य सदस्यों की तरह सामान्य रूप से खाना खाया था। उस समय वह किसी तरह की परेशानी में नजर नहीं आ रही थी। परिवार के लोग मकान की छत पर बने कमरे में थे। इसी दौरान भावना नीचे अपने कमरे में चली गई।

काफी देर बाद जब परिवार के सदस्य नीचे आए तो भावना कमरे में फंदे पर लटकी मिली। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. विकास अग्निहोत्री ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया गया है कि भावना नगर में स्थित एक स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा थी। परिवार में उसका एक बड़ा भाई 17 वर्षीय कुलदीप और एक छोटी बहन है। मृतका के पिता यदुनाथ सिंह मुर्गी फार्म संचालित करते हैं और खेती भी करते हैं। वह दिव्यांग भी बताए गए हैं।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button