साहिबाबाद की तीन मंजिला फैक्टरी में भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख
14 दमकल गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, नोएडा से मंगाया गया आर्टिकुलेटिंग टावर

साहिबाबाद। साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम साउंड स्पीकर बनाने वाली तीन मंजिला फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गई। अंबिका स्टील के सामने स्थित फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू पाने के लिए नोएडा से आर्टिकुलेटिंग टावर भी बुलाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम लगभग आठ बजे आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के जगतपुरी निवासी कारोबारी मनोज गुप्ता ने करीब 15 दिन पहले ही पांडा कंपनी के मालिक अमित जैन से फैक्टरी खरीदी थी। बृहस्पतिवार को परिवार के सदस्यों ने पूजन कर फैक्टरी में काम शुरू किया था। करीब दो हजार वर्गगज में स्थित अपैक्स टॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड में अब साउंड स्पीकर बनाने का काम किया जा रहा था।
मनोज गुप्ता के मुताबिक, फैक्टरी में अभी पूरा सामान भी नहीं पहुंच पाया था। इसके बावजूद आग लगने से उन्हें करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
तीसरी मंजिल से उठने लगा धुआं
बताया गया कि शनिवार शाम करीब पौने छह बजे फैक्टरी की तीसरी मंजिल से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
गनीमत रही कि आग ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल तक नहीं पहुंची। इन दोनों मंजिलों पर भी आग फैलती तो नुकसान और ज्यादा हो सकता था। आसपास की फैक्टरियों में काम कर रहे कर्मचारियों को भी एहतियातन बाहर निकाल लिया गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना सामने आई है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। आग बुझाने के बाद करीब आधे घंटे तक मौके पर कूलिंग का काम भी कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग काफी विकराल थी और इसकी लपटें फैक्टरी से बाहर तक दिखाई दे रही थीं। दमकल की तत्परता और आसपास की फैक्टरियों को खाली कराने से बड़ा हादसा टल गया।



