ऑटो चालक को नामजदों ने पीटा: आरोप

भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खुशालपुर निवासी ऑटो चालक रवि यादव पुत्र संतराम सिंह ने गांव के ही तीन नामजदों पर ऑटो रोककर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
रवि यादव ने पुलिस को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि शनिवार रात वह ऑटो लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही तीन लोगों ने उसका ऑटो रोक लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। पीड़ित का आरोप है कि उक्त लोग खनन का काम करते हैं और उस पर जबरन मिट्टी ढोने वाला ट्रैक्टर चलाने का दबाव बनाते हैं। इनकार करने पर आए दिन उसके साथ मारपीट कर धमकी दी जाती है।
पीड़ित ने बताया कि आरोपित पूर्व में भी उसके साथ मारपीट कर चुके हैं, जिसकी शिकायत थाना पुलिस से की जा चुकी है। उसने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर उत्पीड़न से निजात दिलाने की मांग की है। इस संबंध में उपनिरीक्षक गीता देवी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



