छात्राओं ने नशामुक्त भारत का लिया संकल्प
आर्य श्यामा बालिका इंटर कॉलेज की 1 हजार छात्रों ने ली शपथ

भरथना,इटावा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय माउंट आबू की शाखा भरथना के तत्वावधान में आर्य श्यामा बालिका इंटर कॉलेज के प्रांगण में गुरुवार को नशा मुक्ति जागरूकता एवं प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब एक हजार छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और जीवनभर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारीज की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि की पवित्र स्मृति में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत किया गया। बताया गया कि अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अगस्त को की थी। इसके बाद 6 से 20 अगस्त तक देशभर में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीके अनीता बहन, ब्रह्माकुमारीज भरथना की प्रभारी बीके अंजलि बहन तथा आर्य श्यामा बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सुलक्षणा यादव ने दीप प्रज्वलन एवं ईश्वरीय वंदना के साथ किया।
मुख्य अतिथि बीके अनीता बहन ने छात्र-छात्राओं,शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा दीमक की तरह युवाओं और सुखी परिवारों को अंदर से खोखला कर रहा है। उन्होंने कहा कि तनाव, नकारात्मक सोच और मन की कमजोरी के कारण व्यक्ति नशे की ओर आकर्षित होता है। राजयोग मेडिटेशन, सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक जागरण और आत्मानुशासन के माध्यम से इस बुराई से दूर रहा जा सकता है।
कार्यक्रम के विशेष सत्र में मौजूद सभी छात्र-छात्राओं और नागरिकों को जीवनभर नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। बीके कीर्ति बहन ने ब्रह्माकुमारीज संस्था के उद्देश्यों और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनजागरण का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ, नैतिक मूल्यों से युक्त और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या सुलक्षणा यादव,एसजीएम एकेडमी के प्रधानाचार्य गौरव सिंह,कल्पलता प्रधानाध्यापिका प्राथमिक विद्यालय हथनौली,बृजेन्द्र कुमार प्रधानाध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय हथनौली तथा अवधेश कुमार तिवारी प्रधानाध्यापक निनावा ने ब्रह्माकुमारी संस्था की स्वपरिवर्तन से समाज परिवर्तन’ की संकल्पना को श्रेष्ठ बताते हुए नशामुक्त भारत महाअभियान को सफल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बीके रविन्द्र भाई,बीके संतोष भाई, बीके प्रताप भाई,बीके अशोक भाई सहित ब्रह्माकुमारीज के कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा।



