घायल कुत्ते का इलाज कराना पड़ा महंगा
राशन डीलर को काटकर किया घायल

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के ग्राम कैस्त निवासी जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि एवं राशन डीलर शिव प्रकाश सिंह को घायल आवारा कुत्ते का इलाज कराना महंगा पड़ गया। करीब एक महीने से कुत्ते का उपचार करा रहे शिव प्रकाश सिंह पर उसी कुत्ते ने अचानक हमला कर काट लिया।
शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि करीब एक महीने पहले आवारा कुत्ते के शरीर पर घाव हो गए थे। इसके बाद वह लगातार उसकी देखभाल और उपचार करा रहे थे। कुत्ते को कई बार इंजेक्शन भी लगवाए गए थे। अब उसकी हालत में काफी सुधार हो चुका था और केवल आखिरी इंजेक्शन लगना बाकी था। इसी दौरान अचानक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और काटकर घायल कर दिया।
घटना के बाद शिव प्रकाश सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे,जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया और एहतियात के तौर पर एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।



