हर्ष फायरिंग में घायल युवक की हुई मौत

ऊसराहार,इटावा। ऊसराहार थाना क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में घायल युवक सूर्यकांत गुप्ता उर्फ पुष्कर 27 की इलाज के दौरान 16 दिन बाद मौत हो गई।

हर्ष फायरिंग की घटना 30 नवंबर की रात को हुई थी। ऊसराहार निवासी किशनपाल कश्यप के पुत्र सुमित की बरात नगला पृथी निवासी रामशंकर कश्यप के यहां ताखा कस्बे के एक गेस्टहाउस में पहुंची थी। इसी दौरान एक बाराती ने रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर दी, जिसकी गोली पास खड़े नगरिया खनाबांध निवासी सूर्यकांत गुप्ता उर्फ पुष्कर 27 पुत्र अवधेश गुप्ता के पेट में जा लगी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुष्कर को इलाज के लिए तत्काल सैफई पीजीआई भिजवाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे आगरा के पुष्पांजलि अस्पताल रेफर किया गया, जहां से बाद में इलाज के लिए दिल्ली के मेदांता अस्पताल ले जाया गया। जीवन और मौत से संघर्ष करते हुए पुष्कर ने 16 दिन बाद दम तोड़ दिया। बताया गया कि दिल्ली के मेदांता अस्पताल से ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, हर्ष फायरिंग करने वाला आरोपी शेष कुमार यादव 43 पुत्र तेजपाल यादव है। वह ग्राम बलीपुर,थाना नगला खंगर,फिरोजाबाद का निवासी है और वर्तमान में बीएसएफ में जैसलमेर (राजस्थान) में तैनात है। आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की थी। पुलिस ने उसे घटना के दिन 30 नवंबर को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

मृतक का शव इटावा पोस्टमार्टम हाउस लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुष्कर के परिवार में दो छोटे बच्चे हैं। एक माह पूर्व ही उसकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया था, जबकि पहले से एक छोटी बेटी भी है। बेटे के जन्म को 10 दिसंबर को एक माह पूरा हुआ था। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।

Related Articles

Back to top button