चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव

भरथना,इटावा। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार तड़के दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक की डाउन लाइन पर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त दिल्ली निवासी 35 वर्षीय राजू कुमार पुत्र गरीबदास के रूप में हुई है।

घटना मंगलवार तड़के करीब तीन बजे गांव चढ़रौआ के सामने दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक की डाउन लाइन पर पोल संख्या 1130/05 के समीप हुई। पुलिस के अनुसार, राजू कुमार अपनी पत्नी संतोली देवी और दो बच्चों के साथ ट्रेन से बिहार के बेगूसराय स्थित गांव जा रहा था। इसी दौरान वह अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक, राजू कुमार दिल्ली के बी-77, नेहरू कैंप, ब्लॉक बी, थाना गोविंदपुरी, कालकाजी, दक्षिण दिल्ली में परिवार के साथ रहता था और पत्थर फैक्ट्री में काम करता था। वह पत्नी और बच्चों के साथ बिहार स्थित अपने गांव जा रहा था। हादसे के समय उसका बड़ा बेटा सत्यम अपने चाचा मनोज के साथ दिल्ली में ही रुका हुआ था, जबकि राजू अपनी पत्नी संतोली देवी तथा बीच वाले बेटे अमन और सबसे छोटे बेटे आसीत के साथ ट्रेन में सफर कर रहा था।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर साम्हो चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button