वाईके मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में मिलेगा बेहतर इलाज
महामंडलेश्वर श्री रामदासजी महाराज ने फीता काटकर हॉस्पिटल का किया शुभारम्भ

भरथना,इटावा। भरथना में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में शुक्रवार को एक नई पहल हुई। कमला श्याम नगर में ओवरब्रिज के पास स्थित वाईके हॉस्पिटल (वाईके मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल) का शुक्रवार,16 अक्टूबर को भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में दंदरौआ सरकार,भिंड (मध्य प्रदेश) के महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री रामदासजी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह करीब 11 बजे हुआ। इस अवसर पर अस्पताल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। समारोह में संत रामदासजी महाराज की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
अस्पताल के निदेशक डॉ. योगेंद्र कुमार दुबे ने कहा कि वाई के मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल शुरू करने का उद्देश्य भरथना और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। हमारा प्रयास रहेगा कि क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख न करना पड़े और उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। हम मरीजों की सेवा,बेहतर उपचार और मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए जनता के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
भरथना और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की शुरुआत को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अस्पताल के संचालन से स्थानीय लोगों को चिकित्सा सेवाओं का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को भी गति मिलेगी।



