महिला मिशन फेस-5: सुरक्षा और सम्मान का संदेश
पुलिस ने महिलाओं को सिखाया बिना डर मदद लेने का तरीका

मऊ। पुलिस अधीक्षक इलामरन के निर्देश के क्रम में तथा माननीय मुख्यमंत्री व उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे महिला मिशन फेस-5 अभियान के अंतर्गत थाना सराय लखनसी पुलिस टीम द्वारा महिलाओं और बच्चियों को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
इस क्रम में थाना सराय लखनसी की पुलिस टीम ने सदर अस्पताल मऊ एवं फातिमा मंदिर परिसर में पहुंचकर वहां मौजूद महिलाओं व बच्चियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। पुलिस टीम ने सरल और सहज भाषा में बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध या आपात स्थिति में महिलाएं बिना किसी डर के इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर सकती हैं।
निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने महिलाओं को बताया कि शासन महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है, ताकि वे किसी भी गलत स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। महिला कांस्टेबल उत्तम मिश्रा और कांस्टेबल रेनू यादव ने महिलाओं को 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपात सेवा), 181 (महिला सहायता), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी दी।
पुलिसकर्मियों ने यह भी बताया कि इन हेल्पलाइन नंबरों पर की गई शिकायतों को गोपनीय रखा जाता है और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। साथ ही महिलाओं से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की समस्या को छुपाएं नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
इस जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी की सराहना की और इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। पुलिस प्रशासन का यह प्रयास महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



