हरियाली तीज पर महिलाओं ने साझा कीं खुशियां
हाथों में मेेंहदी,हरी चूडी-आकर्षक हरे वस्त्र धारण, श्रृंगारित महिलाओं ने ढोलक की थाप पर गाए पर्व के गीत

भरथना,इटावा। हाथों में लगी मेेंहदी व हरी चूडी-आकर्षक हरे वस्त्र धारण किये श्रृंगारित महिलाओं ने बडे ही हर्षाेल्लास के साथ उमंगतापूर्ण वातावरण में भारतीय संस्कृति व लोक परम्पराओं का प्रतीक हरियाली तीज पर्व की खुशियां साझा की। साथ ही ढोलक की थाप पर सावन-भक्ति गीत गायन व नृत्य करके व झूला का लुत्फ उठाकर महिलाओं ने समधुर संगीत से माहौल गुंजायमान कर दिया।
शनिवार की शाम कस्बा के विधूना रोड स्थित शक्तिपीठ श्री बालरूप हनुमान जी महाराज हनुमान गढी (छोला मन्दिर) प्रांगण में स्थापित श्री राधाकृष्ण मन्दिर में हरियाली तीज पर्व पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हाथों में लगी मेंहदी, हरी चूडी व हरे परिधानों में सुसज्जित करीब आधा सैकडा से अधिक श्रृंगारित महिलाओं-युवतियों ने गीत गायन के बीच हिन्दुत्व की लोक संस्कृति व प्राचीन परम्पराओं का स्मरण किया।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने बताया कि हरियाली तीज एक प्रमुख हिन्दू त्यौहार है, जो श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। यह प्राकृतिक सौन्दर्य को खूबसूरती से देखने, आनन्द और उमंग अनुभव करने का एक अवसर प्रदान करता है। इस दिन महिलायें व्रत रखती है और हरे रंग के परिधान व श्रृंगार धारण करती है। साथ ही अपने पति की दीर्घायु और सुख-शान्ति की कामना के लिए हर्षोल्लास के साथ भगवान भोलेनाथ-पार्वती माता का भी पूजन अर्चन किया जाता है।
साथ ही ढोलक की थाप पर मौजूद महिलाओं ने सावन-विभिन्न नये-नये भक्तिगीत गायन कर समूचा प्रांगण गीतों के समधुर संगीत से गुंजायमान कर दिया। वहीं इससे पूर्व सभी महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण-राधारानी की प्रतिमा के सम्मुख पूजन अर्चन किया और बडे ही हर्षाेल्लास के साथ उमंगतापूर्ण वातावरण में हरियाली तीज पर्व की खुशियां साझा की। साथ ही सावन व अन्य भक्ति गीतों पर नृत्य उपरान्त झूला झूल जमकर लुत्फ उठाया। इस मौके पर अंजू यादव,सरिता चौहान,उर्मिला यादव, शिखा चौहान,कुसुम श्रीवास्तव,संध्या श्रीवास्तव,मंजू यादव, नन्दनी शर्मा,राधा श्रीवास्तव,शैलजा श्रीवास्तव,सुमन शर्मा, वर्षा भोसेल,शोभा,रमा राठौर,स्वीटी शारदा, राजेश्वरी आदि सहित करीब आधा सैकडा से अधिक महिलाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।



