करंट की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत

ऊँचाहार, रायबरेली। क्षेत्र के अलग-अलग गांवो में करंट की चपेट में आकर दो महिलाओं की मौत हो गई, पुलिस को मामले की सूचना दी गई है, घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। पहली घटना नेवादा मजरे सांवापुर नेवादा गाँव की है,जहां शुक्रवार की सुबह गाँव निवासी लाल जी की पत्नी लल्ली 54 वर्ष खेतों की तरफ शौचक्रिया के लिए गई हुई थी, जहां गाँव के एक व्यक्ति के खेतों में लगी झटका मशीन के तारों में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर महिला झुलस गई, परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना अलीनगर असकरनपुर गाँव की है, जहां शुक्रवार की सुबह गाँव निवासी ज्ञानचंद की पत्नी कल्पना 37 वर्ष घर पर बिजली के बोर्ड में फर्राटा पंखे का प्लग लगा रही थी,इसी दौरान तार कटा होने की वजह से उसमें संचालित करंट की चपेट में आकर महिला झुलस गई, आनन फानन परिजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए।

इनसेट- महिला की मौत के बाद खेत स्वामी के विरुद्ध कार्यवाई की मांग को लेकर परिजनों ने कोतवाली गेट पर गाड़ी रोककर हंगामा करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, मृतक महिला की बेटी लक्ष्मी समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि खेत में झटका मशीन नहीं बल्कि विधुत करंट प्रवाहित किया जा रहा था।हंगामे की जानकारी पर कार्यवाहक कोतवाल संजय कुमार शर्मा ने परिजनों को कार्यवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए।इस दौरान करीब आधे घंटे गहमा गहमी का माहौल रहा।

इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज शुक्ल ने बताया कि मृत अवस्था में महिलाओं को सीएचसी लाया गया था।

घटना में प्रभारी कोतवाल संजय कुमार शर्मा ने बताया कि जानकारी मिली है, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, अग्रिम विधिक कार्यवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button