Trump nuclear weapons: तबाही का साजो-सामान तैयार, जानें कितनी खतरनाक होगी इसकी ताकत
Trump nuclear weapons: ट्रंप ने दावा किया है कि पाकिस्तान चोरी-चुपके परमाणु परीक्षण कर रहा है। भारत ने हाइड्रोजन बम बनाने की तैयारी तेज की है।

Trump nuclear weapons: दुनिया में परमाणु हथियारों के परीक्षण पर नई बहस छिड़ चुकी है। क्या पाकिस्तान चोरी-चुपके न्यूक्लियर टेस्ट कर रहा है? अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे ने एकाएक सनसनी फैला दी है।
उन्होंने बयान दिया है कि पाकिस्तान सबसे छिपाकर यह काम करने में जुटा है। इस बीच पाकिस्तान के एक सीनियर अधिकारी ने गोलमोल जवाब देकर ट्रंप के दावे को दमदार साबित करने की कोशिश की है। अधिकारी का कहना है कि पाकिस्तान परमाणु परीक्षण करने वाला पहला देश नहीं था और परमाणु परीक्षण फिर से शुरू करने वाला भी वह पहला राष्ट्र नहीं होगा।
हाइड्रोजन बम के निर्माण की तैयारी तेज
खबर यह भी है कि भारत ने हाइड्रोजन बम के निर्माण की तैयारी तेज कर दी है। यह हाइड्रोजन बम समूचे पाकिस्तान को एक झटके में विश्व मानचित्र से साफ कर देने में सक्षम होगा। परमाणु हथियारों के मुद्दे पर जब-तब चर्चाएं आरंभ हो जाती हैं। दुनिया भर में वर्तमान में बारह हजार से अधिक परमाणु हथियार बताए जाते हैं। रूस के पास सबसे ज्यादा तो उत्तर कोरिया में सबसे कम परमाणु हथियार हैं। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान परमाणु हमले में कई लाख नागरिकों की जान चली गई थी। अमेरिका की उस एक बड़ी गलती का खामियाजा आज तक इंसानियत को भुगतना पड़ रहा है।
परमाणु ताकत से लैस दो देश रहे हैं चिंता का कारण
परमाणु ताकत से लैस दो देश हमेशा चिंता का कारण रहे हैं। इनमें पाकिस्तान और उत्तर कोरिया शामिल हैं। दोनों देशों के पास क्रमश: 170 व 50 परमाणु हथियार होने का अनुमान है। जिन्ना के मुल्क की हालत किसी से छिपी नहीं है। वहां आतंकवादियों और कट्टरपंथी संगठनों की मनमानी जगजाहिर है। परमाणु हथियारों पर आतंकियों या कट्टरपंथी संगठनों द्वारा कब्जा कर लेने की आशंका सदा बनी रहती है। पाक सेना के शीर्ष अधिकारी भी कट्टरपंथियों की भाषा बोलते रहते हैं। इसके अलावा उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के तानाशाही पूर्ण रवैये को पूरी दुनिया जानती है। किम जोंग उन अक्सर अमेरिका को धमकी देते रहते हैं।
रूस-यूक्रेन से लेकर सूडान तक: जानिए क्यों बढ़ रहे हैं इन देशों में युद्ध
यानी परमाणु हथियारों की सुरक्षा व इस्तेमाल के मामले में पाकिस्तान व उत्तर कोरिया को कतई जिम्मेदार नहीं माना जा सकता है। जानकारों का मानना है कि भविष्य में पाकिस्तान को यदि जंग के दौरान हार की संभावना प्रतीत होती है तो वह पहले परमाणु बम का प्रयोग कर सकता है। यह रणनीति भारत के लिए खतरा हो सकती है। चिंता की बात यह भी कि अमेरिका ने भी पुन: परमाणु परीक्षण करने की मंशा जाहिर कर दी है। अलबत्ता परमाणु हथियारों की यह होड़ सिर्फ और सिर्फ मानवता के विनाश का साजो-सामान है। यह याद रखना जरूरी है कि परमाणु हथियार सुरक्षा की गारंटी नहीं देते। इनके साथ संघर्ष बढ़ने और विनाशकारी गलतफहमी का भी बड़ा जोखिम होता है।
अब तक कितने बन चुके हैं परमाणु बम
डोनाल्ड ट्रंप का एक और बयान इन दिनों सुर्खियों में है। ट्रंप ने कहा है कि वर्तमान में इतने परमाणु बम बन चुके हैं कि दुनिया को डेढ़ सौ बार तबाह किया जा सकता है। रूस, चीन, उत्तर कोरिया और पाकिस्तान निरंतर टेस्ट कर रहे हैं। जबकि अमेरिका पीछे रह गया है। ट्रंप के बयान से साफ है कि दुनिया इस वक्त बारूद के ढेर पर बैठी है। गलती से यदि परमाणु जंग छिड़ गई तो इसके बेहद विनाशकारी परिणाम सामने आएंगे। यह परिणाम ऐसे होंगे, जिसकी कल्पना तक करना संभव नहीं है। वैसे दुनिया को प्यार, शांति और सद्भाव की जरूरत है। हिंसा, मारकाट या परमाणु हथियारों की नहीं।



