ट्रेन से सफर, बाइक चोरी और फरारी- धीरज की पूरी कहानी

फिल्मी अंदाज़ में चोरी करता था धीरज, आखिरकार मऊ पुलिस के हत्थे चढ़ा

सुजीत कुमार मऊ

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में पुलिस ने एक ऐसे शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं लगती। यह चोर चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए ट्रेन का सहारा लेता था और एक राज्य नहीं बल्कि तीन-तीन राज्यों में सक्रिय था। मऊ पुलिस की सतर्कता और मुखबिर की सूचना के बाद आखिरकार इस अंतरराज्यीय चोर की गिरफ्तारी हो सकी।

पकड़ा गया आरोपी 45 वर्षीय धीरज कुमार है, जो बिहार के सिवान जिले के इंदौली गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि धीरज बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। वह बिहार से ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश आता था और यहां मऊ सहित आसपास के इलाकों में मौका देखकर बाइक चोरी करता था। इसके बाद चोरी की बाइक लेकर फरार हो जाता था। खास बात यह थी कि धीरज हर बार स्थान बदल-बदलकर चोरी करता था, जिससे स्थानीय लोगों या पुलिस को उस पर शक न हो सके।

पुलिस के अनुसार, धीरज सिर्फ यूपी तक ही सीमित नहीं था, बल्कि वह बिहार और झारखंड में भी लगातार बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। चोरी की गई बाइकों को वह बिहार और झारखंड में बेच देता था, जिससे उसे अच्छी-खासी रकम मिल जाती थी।

इधर, मऊ शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बाइक चोरियों को लेकर पुलिस पहले से ही सतर्क थी। इसी क्रम में पुलिस ने जाल बिछाया हुआ था। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति मऊ रेलवे स्टेशन के सामने रामलीला मैदान मोड़ के पास आरसीसी रोड पर एक बाइक के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर धीरज को पकड़ लिया।

इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि आरोपी के पास से एक नुकीला हथियार बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल वह मास्टर चाभी की तरह बाइक के लॉक तोड़ने में करता था। पुलिस टीम ने धीरज के पास से करीब 2.75 लाख रुपये कीमत की कई बाइकें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपी ने अब तक 6 से अधिक बाइकों की चोरी करना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही अन्य खुलासे भी हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button