हाईवे पर मौरंग लदे डंपर की टक्कर से पलटी ईंट भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली

हादसे से हाईवे पर फैली ईटों से यातायात रहा वाधित

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार शाम को इटावा से आगरा मंडी के लिए ईंट सप्लाई को जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार मोरंग लदे ओवरलोड डंपर ने जबरदस्त टक्कर दी जिससे ओवरलोड ईट ट्रॉली ट्रैक्टर सहित हाईवे पर तिरछी होकर पलट गई और करीब आठ हजार ईंटें पूरी सड़क पर बिखर गईं।इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात वाधित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब ट्रैक्टर-ट्रॉली एक कोल्ड स्टोरेज के सामने पहुंची, तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली के पहिए अलग होकर ईटों सहित हाईवे पर पलट गया और ट्रैक्टर ट्रॉली से अलग होकर करीब 100 मीटर दूर जाकर खड़ा हो गया। हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया, जबकि ट्रैक्टर चालक भी मौके से रफूचक्कर हो गया।

गनीमत रही कि इस बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी, उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी, जिंतेन्द्र चौधरी और शिवशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मशीनों के द्वारा हाईवे पर फैली ईटों को हटवाया जिसके बाद बाधित हो रहा यातायात सुचारू हो सका।स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवरलोड वाहनों और खनन माफिया की अनियमितता के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि ऐसी लापरवाही पर अंकुश नहीं लगाया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा जानलेवा साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button