धान के खेत में दिखे तीन सारस

सारस देख ग्रामीण किसानों में बढ़ा उत्साह

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खण्ड क्षेत्र में काफी समय से किसानों के मित्र कहे जाने वाले सारस पक्षी अब क्षेत्र में बहुत कम दिखाई देते हैं। लेकिन सोमवार को क्षेत्र के ग्राम जगसौरा में धान के खेत में तीन सारसों का झुंड एक साथ देखा गया, जिसे देख ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बन गया।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई वर्षों में खेतों में सारसों का झुंड आमतौर पर दिखाई देता था, लेकिन अब इनकी संख्या में लगातार कमी आई है।ग्रामीणों के अनुसार सारस पक्षी किसानों के सच्चे साथी माने जाते हैं, क्योंकि यह खेतों में कीट-पतंगों को खाकर फसलों की रक्षा करते हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी इनका महत्वपूर्ण योगदान होता है। लेकिन बदलते मौसम, रासायनिक खादों के अत्यधिक प्रयोग और दलदली क्षेत्रों के खत्म होने से अब इनका अस्तित्व खतरे में पड़ गया है।

पुराणों में भी सारस का विशेष महत्व बताया गया है। कहा जाता है कि यदि नवविवाहित दंपती को सारस का जोड़ा दिखाई दे जाए, तो उन्हें दीर्घायु, सुख-समृद्धि और संतान प्राप्ति का वरदान प्राप्त होता है। इसी मान्यता को लेकर ग्रामीणों में आज भी सारस को शुभ संकेत माना जाता है।

गाँव जगसौरा में तीन सारसों के दर्शन के बाद ग्रामीणों ने इसे शुभ शगुन बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। पर्यावरण प्रेमियों ने भी इस दृश्य को सारस संरक्षण के लिए एक सकारात्मक संकेत बताया है।

Related Articles

Back to top button