आरोप: गंदा पानी खेत में छोड़ा आलू की फसल बर्बाद
राइस मिल से छोड़ा गया फसल में गंदा पानी

जसवंतनगर,इटावा। तहसील क्षेत्र के मौजा कैस्त के ग्राम नगला अर्जुन में राइस मिल से निकलने वाला गंदा पानी खेतों में छोड़े जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने इस संबंध में एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। किसान का आरोप है कि राइस मिल के गर्म और गंदे पानी से उसकी आलू की खड़ी फसल नष्ट हो रही है, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
ग्राम नगला अर्जुन निवासी रामवीर पुत्र रामस्वरूप ने बताया कि उसकी कृषि भूमि राइस मिल के पीछे स्थित है। वर्तमान में उसके खेत में आलू की फसल खड़ी है, लेकिन मिल से निकलने वाला दूषित पानी सीधे खेत में प्रवाहित किया जा रहा है। लगातार गंदा और गर्म पानी आने से फसल सड़ने लगी है और उत्पादन पर गंभीर असर पड़ा है। पीड़ित किसान का कहना है कि उसने राइस मिल मालिक से कई बार पानी बंद कराने की मांग की,लेकिन मिल संचालक ने उसकी बात अनसुनी कर दी।
आरोप है कि मिल मालिक ने साफ शब्दों में कह दिया कि “जो करना है कर लो,मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” इससे किसान मानसिक रूप से भी परेशान है।किसान रामवीर ने एसडीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि गंदे पानी के कारण न केवल फसल को नुकसान हो रहा है,बल्कि भूमि की उर्वरता भी प्रभावित हो रही है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में खेती करना भी मुश्किल हो जाएगा।
वहीँ अन्य किसानों का कहना है कि राइस मिलों से निकलने वाले अपशिष्ट जल को बिना शोधन खुले में छोड़ दिया जाता है, जिससे आसपास के खेत और पर्यावरण प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में एसडीएम कुमार सत्यम जीत सिंह का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और गंदा पानी खेतों में छोड़े जाने से रोका जाएगा।



