ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय ने सीबीएसई स्केटिंग क्लस्टर में दिखाया दम, तीन छात्राएं नेशनल के लिए चयनित

गाजियाबाद। श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सीबीएसई क्लस्टर 19 नॉर्थ जोन-1 स्केटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। यह प्रतियोगिता 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पी.एन. मोहन पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई, जिसमें हरिद्वार, नोएडा, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, रुद्रपुर, गाजियाबाद, मेरठ और देहरादून के करीब 3000 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

विद्यालय की शिक्षा ने अंडर-19 वर्ग में रोड रेस और 500 मीटर रेस दोनों में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, सोनिया ने अंडर-17 गर्ल्स कैटेगरी में 500 मीटर रेस में कांस्य पदक जीता। कनिका ने अंडर-19 में 1000 मीटर रेस में रजत पदक प्राप्त किया। इसके अलावा अंशिका त्रिपाठी ने 300 मीटर रेस में कांस्य और 1000 मीटर रेस में रजत पदक जीता।

शिक्षा, कनिका और अंशिका त्रिपाठी ने नेशनल स्तर के लिए क्वालीफाई किया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 13 से 16 नवंबर तक गुड़गांव के एचएसवी ग्लोबल स्कूल, हरियाणा में होगा। विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम शर्मा ने छात्राओं को बधाई दी और उन्हें खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button