चित्रकला-भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
'जन सेवा से राष्ट्र सेवा तक’ कार्यक्रम में राधिका और यशु रहे प्रथम, विजेता छात्रों को किया सम्मानित

जसवंतनगर,इटावा। राम जानकी विद्या मंदिर कैस्त में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘जन सेवा से लेकर राष्ट्र सेवा तक’ के तहत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और देश के विकास में नागरिकों की भूमिका पर विचार रखे।
भाषण प्रतियोगिता में राधिका ने प्रथम, राशि ने द्वितीय और पूर्वी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में यशु प्रथम, दिव्या शाक्य द्वितीय और सृष्टि गुप्ता तृतीय रहीं। विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्य अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक होकर राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए। विशिष्ट अतिथि श्रेयश मिश्रा और विवेक मोना गुप्ता ने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रबंधक शिव सागर शुक्ला ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उप प्रबंधक विवेक शुक्ला ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्य अभिषेक शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान ममता तिवारी, दीपक कुमार, पिंकी यादव, पद्मा मिश्रा, विजयपाल सिंह, जयचंद, सतीश कुमार, अभिषेक पांडे और विमल यादव मौजूद रहे।



