स्टेयरिंग फेल: बालू भरा डंपर पलटा

डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में जा गिरा डंपर, चालक घायल

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। इटावा की ओर से आगरा जा रहा बालू से लदा डंपर स्टेयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ता हुआ हाईवे की दूसरी लेन में जा पलटा। हादसे में डंपर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार तड़के सुबह इटावा-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक होटल के सामने इटावा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे डंपर का अचानक स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक शिवनीश यादव पुत्र रामचंद्र सिंह उम्र 25 साल निवासी नगला राजा थाना करहल जनपद मैनपुरी के नियंत्रण खोते ही डंपर डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क की दूसरी तरफ जा गिरा और बालू समेत पलट गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत घायल चालक को क्षतिग्रस्त डंपर के केबिन से बाहर निकाला और एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।डंपर पलटने से सड़क पर बालू फैल गई और हाईवे का एक हिस्सा बाधित हो गया।सूचना पर हाईवे इंसिडेंट मैनेजर सुनित चौहान भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और हाईवे टीम ने तत्काल जेसीबी और हाइड्रा मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त डंपर व सड़क पर फैली बालू को हटवाया। इसके बाद यातायात को पूरी तरह सुचारू करा दिया गया।फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button