वाहन की टक्कर से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत

जसवन्तनगर, इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के ग्राम नगला तौर में बुधवार सुबह एक राष्ट्रीय पक्षी मोर की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मोर का पोस्टमार्टम कराकर ससम्मान अंतिम संस्कार कराया।
जानकारी के अनुसार ग्राम नगला तौर निवासी विवेक कुशवाह,अभय प्रताप सिंह, विकाश पाल बुधवार सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे एक मोर घायल अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। मोर पर कुछ कुत्ते हमला कर रहे थे। विवेक ने कुत्तों को भगाकर मोर को सुरक्षित किया और इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही उपक्षेत्रीय वनाधिकारी अजीत पाल सिंह के निर्देश पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने मोर का निरीक्षण किया,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रथम दृष्टया मोर की मौत किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से होना प्रतीत हुई।
वन विभाग की टीम मृत मोर को अपने साथ ले गई। इसके बाद नियमानुसार उसका पोस्टमार्टम कराया गया तथा राष्ट्रीय पक्षी को पूरे सम्मान के साथ दफन कर दिया गया। वन विभाग ने लोगों से वन्य जीवों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है।



