सेवा संकल्प अभियान के तहत गो आश्रय स्थलों में चला विशेष स्वच्छता एवं स्वास्थ्य अभियान

गाजियाबाद।सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत जनपद के विभिन्न गो आश्रय स्थलों पर विशेष गोसेवा, स्वच्छता एवं पशु स्वास्थ्य अभियान चलाया गया। पंचायती राज, नगर विकास, कृषि एवं पशुपालन विभाग के साथ एनजीओ के सहयोग से गोवंश की देखभाल और संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्य कराए गए।

अभियान के दौरान गो आश्रय स्थलों में विशेष साफ-सफाई कराई गई। गोवंश के रहने के स्थान, परिसर और हौदियों की सफाई के साथ आवश्यक स्थानों पर चूने का छिड़काव किया गया। गो आश्रय स्थलों को सजाकर व्यवस्थित एवं स्वच्छ रखने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

बीमार और कमजोर गोवंश का पशु चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया। आवश्यकता के अनुसार डीवार्मिंग भी कराई गई। इस दौरान गोवंश के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

अभियान के तहत गो पूजन कर गोवंश को फल और गुड़ खिलाया गया। साथ ही हरा चारा, भूसा और दाना उचित मात्रा में मिलाकर पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराया गया। संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, एनजीओ प्रतिनिधियों और गो आश्रय स्थल के कर्मियों ने अभियान में सहभागिता की।

अधिकारियों के अनुसार गो आश्रय स्थलों में स्वच्छता, चिकित्सा, पोषण और गोसेवा के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आगे भी अभियान जारी रखा जाएगा।

Related Articles

Back to top button