अखिलेश यादव की तस्वीर वाले विवादित होर्डिंग्स के विरोध में सपा का प्रदर्शन

गाजियाबाद। गाजियाबाद एवं मोदीनगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ कथित आपत्तिजनक और जातिगत टिप्पणियों वाले होर्डिंग्स लगाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। होर्डिंग्स के विरोध में समाजवादी पार्टी गाजियाबाद ने जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नरेट पर धरना-प्रदर्शन किया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी।
सपा नेताओं का आरोप है कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लगाए गए इन होर्डिंग्स का उद्देश्य अखिलेश यादव की प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को धूमिल करना तथा समाजवादी पार्टी को बदनाम करना है। पार्टी का कहना है कि होर्डिंग्स में इस्तेमाल की गई भाषा न केवल आपत्तिजनक और अशोभनीय है, बल्कि इससे समाज के विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य और तनाव उत्पन्न होने की आशंका भी है।
पार्टी के मुताबिक, प्राप्त फोटो और जियो टैग लोकेशन के आधार पर ऐसे होर्डिंग्स गाजियाबाद के अंबेडकर मार्ग, न्यू गांधी नगर और भटियारी क्षेत्र के अलावा मोदीनगर के हापुड़ रोड एवं रूपिका नगर क्षेत्र में लगाए गए दिखाई दिए हैं। इन होर्डिंग्स की तस्वीरें पत्रकार अनुज चौधरी द्वारा फेसबुक पर पोस्ट किए जाने की बात भी सपा नेताओं ने कही है।
सपा नेताओं ने पुलिस से मांग की कि यह पता लगाया जाए कि विवादित होर्डिंग्स किस व्यक्ति, संस्था, संगठन या विज्ञापन एजेंसी द्वारा तैयार कर लगाए गए और इन्हें लगाने के लिए किस स्तर से अनुमति ली गई थी। नेताओं ने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से गलत और आपत्तिजनक सामग्री प्रदर्शित कर अखिलेश यादव तथा समाजवादी पार्टी की छवि खराब करने का प्रयास किया गया है।
धरने के दौरान सपा जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन ने कहा कि पार्टी इस प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर होर्डिंग्स लगाने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में जिला महासचिव नितिन त्यागी, महानगर महासचिव राजन कश्यप, प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग, पूर्व मेयर प्रत्याशी सिकंदर यादव, पूर्व शहर विधानसभा प्रत्याशी विशाल वर्मा, महिला सभा प्रदेश उपाध्यक्ष राज देवी चौधरी, श्रवण कुमार त्यागी, अमन यादव, विकास यादव, ताहिर हुसैन, इरफान अमानत चौधरी, संजीव चौधरी, अनीस अली, मनोज पंडित, विनोद गुर्जर, अंशु ठाकुर, मनीष त्यागी, मोहम्मद अब्बास हैदर, असलम कुरैशी, विवेक त्यागी, पूर्व पार्षद हाजी आसिफ सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



