निधन पर श्रद्धांजलि देने पहुँचे शिवपाल यादव
हृदय गति रुकने से सपा नेता पूर्व प्रधान राम अवतार यादव का हुआ निधन

जसवंतनगर,इटावा!समाजवादी पार्टी केकद्दावर नेता एवं पूर्व प्रधान व किसान यूनियन के नेता राम अवतार यादव का रविवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय राम अवतार यादव के निधन पर बड़ी संख्या में लोगों ने शोक जताया।
निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव रविवार सुबह उनके आवास कृष्णा होटल पहुंचे। उन्होंने दिवंगत राम अवतार यादव के बेटे और अन्य परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। शिवपाल सिंह यादव ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वह उनके साथ हैं।
राम अवतार यादव समाजवादी पार्टी के साथ ही किसान यूनियन से जुड़े रहे। क्षेत्र में उनकी सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी रही। उनके निधन पर सपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और किसान यूनियन से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया।
शिवपाल सिंह यादव ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इस दौरान सपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



