शिवानी सिंह यूपीपीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर बनीं सहायक आयुक्त

ऊँचाहार, रायबरेली। तहसील क्षेत्र की होनहार बेटी शिवानी सिंह ने यूपीपीसीएस (UPPCS) परीक्षा उत्तीर्ण कर सहायक आयुक्त (वाणिज्य कर) का पद हासिल किया है। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में यह सफलता प्राप्त की है, जिससे उनके परिवार क्षेत्र और जिले में खुशी का लहर है।
शिवानी की प्रारंभिक शिक्षा एनटीपीसी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में हुई। उन्होंने सरस्वती विद्या मंदिर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद, उन्होंने प्रयागराज स्थित इलाहाबाद स्टेट यूनिवर्सिटी से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। शिवानी का लक्ष्य बचपन से ही प्रशासनिक सेवा में जाना था।
इस राह में उन्हें कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ा। एक बार उन्हें असफलता भी मिली, लेकिन उनके माता-पिता ने उनका मनोबल बनाए रखा। उनके पिता भानू सिंह ने आर्थिक बाधाओं के बावजूद शिवानी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।अपनी सफलता का श्रेय शिवानी ने अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा, “मेरे माता-पिता के बिना यूपीपीसीएस क्वालीफाई करना संभव नहीं था। जब मैं कमजोर पड़ी, उन्होंने मुझे संभाला और फिर से तैयार किया।”
शिवानी के परिवार में उनके पिता भानू सिंह, जो एक किसान हैं, और माता सविता सिंह, जो गृहणी हैं, शामिल हैं। शिवानी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। उनकी छोटी बहन कामिनी स्नातक के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं, जबकि छोटा भाई आरयन सिंह सरस्वती विद्या मंदिर में हाईस्कूल का छात्र है। गुरुवार को शिवानी के ऊंचाहार रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके पिता के साथ ट्रेन से उतरते ही स्टेशन पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक मौजूद थे।
उन्हें एक थार वाहन की छत खोलकर उसमें खड़ा किया गया। रेलवे स्टेशन से उनके घर तक (लगभग डेढ़ किलोमीटर) शिवानी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करती रहीं।घर पहुँचने पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों का तांता लग गया। लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और शिवानी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।शिवानी की यह सफलता उन सभी युवाओं के लिए एक मिसाल है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने की हिम्मत रखते हैं। ऊंचाहार की इस ‘बिटिया’ ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से आसमान भी छोटा पड़ जाता है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान धनराज यादव समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भव्य तरीके से बेटी का स्वागत किया। बीजेपी नेता अभिलाष चन्द्र कौशल व जितेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि शिवानी की इस कामयाबी ने ऊँचाहार के नाम को शिखर पर पहुंचाया है।ग्राम प्रधान धनराज यादव ने कहा कि शिवानी से पढ़ाई कर रहे ग्राम पंचायत के हर उस बच्चे को सीखने की जरूरत है। बेटी की इस कामयाबी से पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इस मौके पर राहुल यादव,राजू सिंह, अधिवक्ता जय बहादुर मौर्य,अधिवक्ता आर बी मौर्य समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



