स्कूटी में हुआ ब्लास्ट: घर में लगी आग
तेज धमाके की आवाज से मची भगदड़

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्वा के मोहल्ला गोविन्द नगर में देर रात करीब 11 बजे उस समय चीख पुकार के साथ हडकम्प मच गया जब एक घर के बाहरी हिस्से में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गयी. धमाके की आवाज सुन परिजनों में अफरा तफरी मच गयी। परिजनों ने घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
गृहस्वामी राजीव कुमार पुत्र राजेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना देर रात करीब 11 बजे की है. जब घर में सभी लोग सो रहे थे तभी घर के बाहरी हिस्से में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गयी।
देखते ही देखते आग की लपटें घर से निकलने लगी,घर में सो रहे सभी लोगो ने घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. किन्तु आग की घटना से इलेक्ट्रिक स्कूटी समेत साथ में खड़ी एक बाइक,कूलर समेत अन्य सामान जलकर ख़ाक हो गया। पड़ोसियों तथा परिजनों ने निजी संसाधनों से पानी डालकर समय रहते आग पर काबू पा लिया जिससे बड़ा हादसा होते होते टल गया।
घटना के दौरान घर में राजीव कुमार की पत्नी बाला देवी तथा तीन पुत्र प्रतीक,हर्ष व शिवम तथा राजीव के छोटे भाई अनुज व उनकी पत्नी सपना मौजूद थी,उक्त घटना में राहत ही बात यह रही कि कोई भी परिवारीजन हताहत नही हुआ। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया किन्तु गृह स्वामी का काफी नुक्सान हो गया।



