स्वराज इंडिया पार्टी ने बाढ़ प्रभावित गांवों के लिए लगाई मदद की गुहार

जिलाध्यक्ष रामविलास एडवोकेट ने डीएम को सौंपा मांगपत्र

रायबरेली। सई नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे गांवों में जल भराव हो गया है। प्रभावित लोगों को राहत देने की मांग को लेकर स्वराज इंडिया पार्टी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

स्वराज इंडिया पार्टी के जिलाध्यक्ष राम विलास यादव एडवोकेट ने बताया कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने एडवोकेट पुष्कर पाल के नेतृत्व मे बछरावां ब्लॉक के दैजुआ खेड़ा, मुसाही खेड़ा, मैनाहार, कटरा और पस्तौर सहित कई गांवों का दौरा किया। ग्रामीणों ने बताया कि घरों में पानी भरने से रोजमर्रा के काम और आवागमन प्रभावित हैं। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है और पशुओं के चारे की कमी भी है। खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूब गई हैं।

मांगपत्र में प्रभावित गांवों में राशन, पीने का साफ पानी, तिरपाल और दवाइयां पहुंचाने की मांग की गई है। ग्रामीणों के आवागमन के लिए नावों और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करने की भी अपील की गई। संगठन ने पानी उतरने के बाद नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को मकान और फसल का मुआवजा देने तथा बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए जरूरी इंतजाम करने की मांग की। जिलाधिकारी महोदया को जलभराव से अवगत कराने एवं मांगपत्र देने संगठन के पदाधिकारी एडवोकेट पुष्कर पाल, एडवोकेट अर्चना, एडवोकेट संजय यादव, सर्वोदय संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम धीरज जी एवं मो. हासिम सहित कई पदाधिकारी उपस्थिति रहें।

Related Articles

Back to top button