संजय दत्त और नोरा फतेही पर भारी पड़ा ‘अश्लील’ गाना, संसद तक पहुंचा बवाल

sarke chunri teri sarke: बॉलीवुड पर अश्लीलता को बढ़ावा देने की तोहमत लगती रही है। फिल्मों के अलावा टीवी सीरियल और लाफ्टर शो में भी अक्सर मर्यादा की लक्ष्मण रेखाएं लांघ दी जाती हैं। फिल्म या धारावाहिक की लोकप्रियता के लिए नए-नए प्रयोग होते रहते हैं। मनोरंजन जगत की यह प्रतिस्पर्धा खासकर युवाओं की मानसिकता पर प्रतिकूल असर डालती है। देशभर में ताजा विवाद फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर तेरी’ पर उभर आया है।
गाने में अश्लील कंटेंट और आपत्तिजनक बोल
गाने में अश्लील कंटेंट और आपत्तिजनक बोल के कारण मामला संसद तक में गूंज उठा। सिनेमाघरों में फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेता संजय दत्त और अभिनेत्री नोरा फतेही विवादों में घिर चुके हैं। सोशल मीडिया के दौर में कब किसी मुद्दे पर बखेड़ा खड़ा जाएगा, कोई नहीं जानता। सोशल मीडिया की ताकत का जिन्हें एहसास है, वह समाज में जानबूझकर कोई गलती करने से बचते हैं, मगर बॉलीवुड का कंट्रोवर्सी से पुराना नाता रहा है।
माना जाता है कि किसी फिल्म को प्रसिद्धि दिलाने के लिए आमतौर पर आपत्तिजनक डायलॉग व सीन्स का सहारा लिया जाता है। विवाद गहराने पर निर्माता-निर्देशक फिल्म में संशोधन कर लेते हैं, मगर तब तक उनका असल मकसद पूरा हो जाता है। दर्शकों के बीच संबंधित फिल्म चर्चाओं के केंद्र में आ जाती है। अभिनेता संजय दत्त की रियल और रील लाइफ में पूर्व में भी विवाद होते रहे हैं।
निशाने पर ले लिया गया बॉलीवुड
सोशल मीडिया पर गाना ‘सरके चुनर तेरी’ वायरल होने के बाद एकाएक बवाल मच गया था। बुद्धिजीवियों के अलावा विभिन्न संगठनों ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। ऐसे में बॉलीवुड को निशाने पर ले लिया गया। नतीजन यह मसला संसद तक पहुंचने में देर नहीं लगी। लोकसभा में सपा सांसद आनंद भदौरिया ने इस गाने पर सवाल उठाया। जवाब में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सदन को बताया कि गाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यही नहीं सेंसर बोर्ड को इस गाने के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
यूटयूब से यह गाना हट भी चुका है। देश में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, बलात्कार का प्रयास, बलात्कार व सामूहिक दुष्कर्म जैसे मामलों में निरंतर वृद्धि हो रही है। इसके पीछे की एक वजह फिल्मों एवं टीवी सीरियल द्वारा परोसी जा रही अश्लीलता को भी माना जाता है। रणवीर सिंह जैसे अभिनेता की वह हरकत जगजाहिर है, जब उन्होंने अपनी बेहद आपत्तिजनक फोटो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। फोटो में वह अर्द्ध नग्न अवस्था में नजर आए थे। रणबीर की इस हरकत पर खासा बवाल मचा था।
अब बॉलीवुड पर लगाम कसने का समय आ गया, नोरा के गाने पर कंगना रनौत का गुस्सा
कोढ़ में खाज का आलम यह है कि बॉलीवुड अभिनेत्रियों में अपनी अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की होड़ मची रहती है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर अभिनेताओं और अभिनेत्रियों के आपत्तिजनक वीडियो व फोटो की भरमार है। बार-बार विवाद होने, आलोचना का सामना करने के बावजूद फिल्मों के ये सितारे सुधरने को तैयार नहीं हैं। उन्हें यह सोचना चाहिए कि जिस अश्लीलता का प्रदर्शन कर वह फूले नहीं समाते हैं, उसका नई पीढ़ी पर कितना बुरा असर पड़ता है।
युवा हमेशा सिनेमा और टीवी सीरियल के किरदारों से प्रेरित होकर उनकी नकल उतारने की कोशिश करते हैं। कपड़े से लेकर उनके हेयर स्टाइल को भी युवा अपनाते हैं। जब इन सीरियल के किरदारों में अश्लीलता और फूहड़ता अपनी चरम पर हो, सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों की धज्जियां उड़ रही हों, तब युवा पीढ़ी पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ना तय है।



