अनुदेशक संघ में संदीप पांडे को मिली दोहरी जिम्मेदारी, बने जिला सचिव और ब्लॉक मंत्री

सुलतानपुर। परिषदीय अनुदेशक संघ के संगठन विस्तार के तहत बल्दीराय के संदीप पांडे को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने उनकी निष्ठा और सक्रियता को देखते हुए उन्हें सुलतानपुर का जिला सचिव और ब्लॉक मंत्री बल्दीराय मनोनीत किया है।

मंगलवार को बल्दीराय बीआरसी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री निर्भय सिंह ने नवनियुक्त जिला सचिव संदीप पांडे को मनोनयन पत्र प्रदान किया।

इस अवसर पर संदीप पांडे ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य जनपद के सभी अनुदेशक भाई-बहनों की आवाज को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाना है। अनुदेशकों के बकाया एरियर का भुगतान और नियमितीकरण होने तक हक की लड़ाई पूरी मजबूती से जारी रहेगी। वे अनुदेशकों के मान-सम्मान की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।

जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि संदीप पांडे के आने से संगठन को मजबूती मिलेगी और अनुदेशकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। प्रदेश महामंत्री निर्भय सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन की नीतियों को धरातल पर उतारने का आह्वान किया।

इस मौके पर सिराजुद्दीन, देवेंद्र मिश्रा, अतर सेन यादव, प्रीति सिंह, दीपा सिंह, अनुराग मिश्रा, नीरज यादव सहित कई अनुदेशक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button